पोषाहार से मिलने वाले पोषण तत्वों के विषय में जागरुकता के लिए पोषाहार से निर्मित रेसिपी प्रतियोगिता का किया गया आयोजन
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने रेसिपी स्टॉल का अवलोकन करते हुये निर्मित खाद्य सामग्रियों को टेस्ट किया एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की प्रशंसा की
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । गुरुवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत विकास भवन प्रांगण में पोषाहार से निर्मित रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, पोषाहार से निर्मित रेसीपी के प्रचार-प्रसार हेतु प्रसिद्ध शेफ रणवीर बरार एवं पंकज भदौरिया के व्यंजनों से प्रेरित होते हुये खाद्य सामग्रियों को तैयार किया गया जिसका मुख्य उद्देश्य पोषाहार से मिलने वाले पोषण तत्वों के विषय में जागरुकता प्रसारित कराना है। जिसमें बाल विकास परियोजना शहर प्रथम एवं द्वितीय की कुल 40 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
प्रतियोगिता में पोषाहार से निर्मित सामग्रियों से निर्मित विभिन्न प्रकार के व्यंजन-लड्डू, दही बड़ा, मोदक, ढोकला, हरिरा चिल्ला, कप केक, बिस्किट, पकौड़ी, खस्ता, सेठौरा, रसगुल्ले, इडली, टिकिया सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्टॉल लगाया गया।
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने दीप प्रज्जवलन के पश्चात् प्रत्येक रेसिपी स्टॉल का अवलोकन करते हुये निर्मित खाद्य सामग्रियों को टेस्ट किया एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की प्रशंसा की। आंगनबाड़ी केन्द्र पर पंजीकृत दो बच्चों के जन्मदिन के अवसर पर पोषाहार से निर्मित केक को कटवाते हुये जन्मदिन मनाया गया, सभी खाद्य सामग्रियां एक समान स्वादिष्ट होने के कारण सभी को प्रोत्साहित करने के लिए प्रमाण पत्र दिये जाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, परियोजना निदेशक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी शहर प्रथम, मुख्य सेविकायें, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित कार्मिक उपस्थित रहे।
