भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता और न्याय की आवाज बुलंद करने का आह्वान
आदर्श सहारा टाइम्स
फूलपुर, प्रयागराज। ग्राम पहसी मुबारकपुर स्थित भ्रष्टाचार निरोधक जांच विभाग (ACID) के प्रयागराज डिवीजनल कार्यालय में रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राष्ट्रीय मुख्य सचिव सुजीत कुमार सिंह का डिवीजनल हेड मनोहर लाल गुप्ता एवं संगठन के सदस्यों ने भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शोषित, वंचित और प्रताड़ित लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान मुख्य अतिथि सुजीत कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आम जनमानस को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता और संगठित प्रयासों के माध्यम से पीड़ित लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने आम लोगों की शिकायतों को भी सुना। उन्होंने डिवीजनल कार्यालय के प्रभारी एवं उपस्थित सदस्यों को शिकायतों पर गंभीरता से विचार करने और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को संस्था के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार, शोषण या अन्याय के खिलाफ जागरूक रहें और अपनी समस्याओं को उचित माध्यम से सामने लाएं। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने भी संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा जरूरतमंद और पीड़ित लोगों की सहायता करने पर जोर दिया।
ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रेम कुमार विश्वकर्मा, स्टेट एडवाइजर उत्तर प्रदेश; मनोहर लाल गुप्ता, डिवीजनल हेड प्रयागराज डिवीजन; संगम लाल पटेल, डिवीजनल सेक्रेटरी प्रयागराज; अरविंद कुमार, डिवीजनल एडवाइजर लीगल सेल प्रयागराज; रामजी मौर्य, जिला सेक्रेटरी प्रयागराज; राम शिरोमणि यादव, जिला पीआरओ प्रयागराज; डॉ. रमेश प्रजापति और राहुल गौतम, एंटी करप्शन मेंबर प्रयागराज; धनजीत केवट सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
