मेजा ऊर्जा निगम एवं BISLD–UP के बीच पशुधन विकास के माध्यम से ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण हेतु MoU पर हस्ताक्षर

मेजा ऊर्जा निगम एवं BISLD–UP के बीच पशुधन विकास के माध्यम से ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण हेतु MoU पर हस्ताक्षर

 

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा ,प्रयागराज। मेजा ऊर्जा निगम प्रा. लि. (MUNPL) ने अपने नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए BISLD–UP (BAIF Institute for Sustainable Livelihoods and Development – Uttar Pradesh) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। यह पहल “पशुधन समृद्धि योजना” के अंतर्गत तीन (3) वर्षों तक संचालित की जाएगी।

इस समझौते के अंतर्गत परियोजना प्रभावित 09 ग्रामों में पशुधन विकास को बढ़ावा देने हेतु उन्नत नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान सेवाएं, पशु स्वास्थ्य सेवाएं, चारा प्रबंधन तथा पशुपालकों के प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों की आय में वृद्धि करना तथा उन्हें सतत एवं आत्मनिर्भर आजीविका के अवसर प्रदान करना है।

यह हस्ताक्षर समारोह मेजा ऊर्जा निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  जी. श्रीनिवास राव की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। निगम की ओर से श्री विवेक चंद्रा, अपर महाप्रबंधक (मा.स.), तथा BISLD–UP की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा MoU पर हस्ताक्षर किए गए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी  जी. श्रीनिवास राव ने अपने संबोधन में कहा कि
“मेजा ऊर्जा निगम ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। BISLD–UP के साथ यह साझेदारी पशुधन विकास के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार के अवसर सृजित करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
“पशुधन समृद्धि योजना” न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनेगी, बल्कि ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास एवं स्थायी आजीविका के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

यह पहल मेजा ऊर्जा निगम की “सतत विकास” एवं “समावेशी वृद्धि” की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है और CSR के माध्यम से ग्रामीण समाज के प्रति निगम की संवेदनशीलता को दर्शाती है।

इस अवसर पर  नरेंद्र नाथ सिन्हा (महाप्रबंधक, प्रचालन एवं अनुरक्षण),  आनंद प्रकाश (महाप्रबंधक, परियोजना),  अशोक कुमार सामल (महाप्रबंधक, अनुरक्षण),  ए. के. चौधरी (मुख्य चिकित्सा अधिकारी), विकास द्विवेदी (अपर महाप्रबंधक, अनुबंध एवं सामग्री),  अजय सिंह (उप महाप्रबंधक, मानव संसाधन) सहित BISLD–UP के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *