मेजा क्षेत्र स्थित मदरहा गांव किसान की चाकू मारकर हत्या, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जुटाए साक्ष्य; जांच जारी
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के भासुंदर गांव निवासी सूर्यबली गुप्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
परिजनों के अनुसार, सूर्यबली गुप्ता अपनी मदरहा स्थित कृषि भूमि पर खेती का कार्य करने गए थे। इसी दौरान उन पर धारदार चाकू से हमला किया गया। आरोप है कि हमलावर ने उनके पेट और गर्दन के पास कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले आर्गन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय, प्रयागराज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, फोरेंसिक टीम ने अभी जांच से संबंधित किसी भी निष्कर्ष या खुलासे की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
