मेजा क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 123 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेजा के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के नेतृत्व में ग्राम उधरेगा गुनई गहरपुर, मेजा स्थित प्राथमिक विद्यालय उधरेगा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और चिकित्सकों द्वारा लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान कुल 123 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मरीजों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बलगम तथा आंखों की जांच की गई। आवश्यकता के अनुसार कई लोगों की एक्स-रे जांच भी कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच कराने और किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
शिविर में डॉक्टर देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर श्रीमती सुमन कुशवाहा, जिला क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.डी. सिंह, वरिष्ठ पर्यवेक्षक बृजेश सिंह, नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. ए.के. यादव, वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन शैलेंद्र प्रताप एवं विमलेश कुमार सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेजा की सीएचओ टीम मौजूद रही।
इसके अलावा आशा संगिनी मीरा देवी, आशा श्रीमती गेंदा काली, श्रीमती दुर्गावती, श्रीमती अंतिमा देवी, श्रीमती रिचा तिवारी, श्रीमती सीता देवी एवं श्रीमती सावित्री देवी सहित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अन्य कर्मचारियों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया।
शिविर के दौरान गांव के कई सम्मानित एवं संभ्रांत लोग भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने पर स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करना है।
