मेजा क्षेत्र में बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक की मौत, एक गंभीर घायल
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र की रामनगर चौकी अंतर्गत डोरवा मोड़ से परानीपुर मार्ग पर दलई का पुरा नहर के समीप शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सुनील भारतीया उम्र 38 निवासी मिश्रीरपुर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान दलई का पुरा नहर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील भारतीया की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुनील के शराब के नशे में होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सूचना पर रामनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
