रेलवे कर्मचारी लालता प्रसाद गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

रेलवे कर्मचारी लालता प्रसाद गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

महुआये गांव के पास चकडेम के पास मिला शव दोपहर तक पोस्टमार्टम, शाम को परिजनों को मिला शव; प्रयागराज में हुआ अंतिम संस्कार

मांडा । मांडा थाना क्षेत्र स्थित हण्डिया गांव निवासी एवं रेलवे विभाग में कार्यरत लालता प्रसाद गौतम के अचानक लापता होने के बाद उनका शव महुआये गांव के पास स्थित चकडेम के नजदीक मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को हुई, परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि लालता प्रसाद गौतम 9 तारीख की रात करीब 2 बजे से घर से लापता थे। घरवालों ने रात से ही उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे।
इसी बीच 10 तारीख की सुबह करीब 9 बजे महुआये गांव के पास चकडेम के नजदीक लोगों की भीड़ दिखाई दी। इसकी जानकारी होने पर गांव के लोग और लालता प्रसाद गौतम के परिजन मौके पर पहुंचे। वहां शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए। पहचान करने पर शव लालता प्रसाद गौतम का निकला।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। करीब 1 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए स्वरूपरानी अस्पताल, प्रयागराज भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम करीब 6 बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इसके बाद परिजन शव लेकर प्रयागराज पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार किया गया। लालता प्रसाद गौतम के निधन की खबर से गांव में शोक की लहर है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लालता प्रसाद गौतम की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनका शव चकडेम के पास कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *