सेवा सम्पूर्ति सम्मान एवं प्रोन्नति अभिनन्दन समारोह सम्पन्न

 

सेवा सम्पूर्ति सम्मान एवं प्रोन्नति अभिनन्दन समारोह सम्पन्न

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज । विनीता हॉस्पिटल प्रा० लि०, फाफामऊ, प्रयागराज के मंगलम् सभागार में दिनांक -25 अक्टूबर, 2026, दिन रविवार को सेवा सम्पूर्ति सम्मान एवं प्रोन्नति अभिनन्दन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में न्यायिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में अपनी सेवाएँ प्रदान करने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया तथा प्रोन्नति प्राप्त अधिकारियों का अभिनन्दन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ भगवान् विश्वकर्मा के पूजन, माँ सरस्वती की वन्दना, माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात् अतिथियों का माल्यार्पण एवं बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया तथा अतिथियों को स्मृति चिह्न तथा अभिनन्दन-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विनीता हॉस्पिटल प्रा० लि०, फाफामऊ, प्रयागराज के निदेशक डॉ० बिन्दू विश्वकर्मा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने समारोह में उपस्थित अध्यक्ष, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए आयोजन के महत्त्व को रेखांकित किया।

इसके पश्चात श्री लालता प्रसाद विश्वकर्मा, प्रोफेसर संजय प्रसाद शर्मा, प्रोफेसर सुनील कुमार विश्वकर्मा, श्री आर०एल० विश्वकर्मा,श्री वेदप्रकाश शर्मा तथा श्री राममूरत विश्वकर्मा ने अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया।
समारोह की अध्यक्षता इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मध्यकालीन इतिहास विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं आचार्य प्रोफेसर (डॉ०) पन्नालाल विश्वकर्मा ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं आचार्य प्रोफेसर (डॉ०) उमाकांत यादव रहे।
समारोह में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री सुभाष चन्द्र शर्मा तथा प्रयागराज मण्डल के संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) श्री राम नारायण विश्वकर्मा को सेवा सम्पूर्ति सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उनके सेवाकाल के दौरान निर्वहन किए गए दायित्वों तथा न्यायिक एवं शैक्षिक प्रशासन के क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने सेवा, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा को सार्वजनिक जीवन के महत्त्वपूर्ण मूल्य बताते हुए कहा कि दीर्घकाल तक निष्ठापूर्वक दायित्वों का निर्वहन करना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
समारोह में संयुक्त सचिव के पद पर प्रोन्नति प्राप्त श्री जय शंकर झा तथा नगर विकास विभाग के संयुक्त सचिव श्री राजेश्वरी विश्वकर्मा का अभिनन्दन किया गया। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने दोनों अधिकारियों को उनकी उपलब्धियों एवं नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएँ दीं।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व डी०आई०जी० श्री राधेश्याम विश्वकर्मा, विनीता हॉस्पिटल प्रा० लि० के निदेशक डॉ० बिन्दू विश्वकर्मा, प्रबन्ध निदेशक डॉ० विनीता विश्वकर्मा, कमला मल्टीस्पेशिएलिटी हॉस्पिटल, जॉर्ज टाउन, प्रयागराज के निदेशक डॉ० सुनील विश्वकर्मा तथा संयुक्त शिक्षा निदेशक, प्रयागराज मण्डल की वित्त एवं लेखाधिकारी डॉ० कीर्ति विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
समारोह में सेवा-भावना, कर्तव्यनिष्ठा, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा उपलब्धियों के सम्मान की परम्परा पर बल दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में कार्यरत व्यक्तित्वों के योगदान को सम्मानित करना तथा प्रोन्नति प्राप्त अधिकारियों की उपलब्धियों का अभिनन्दन करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन वी- वेदान्ता ट्रस्ट एवं विनीता हॉस्पिटल प्रा० लि०, फाफामऊ, प्रयागराज द्वारा किया गया।
समारोह का समापन विनीता हास्पिटल प्रा०लि० फाफामऊ, प्रयागराज की प्रबंध निदेशक डॉ विनीता विश्वकर्मा द्वारा सम्मानित व्यक्तित्वों के प्रति आभार व्यक्त करने तथा उनके भावी जीवन एवं दायित्वों के लिए शुभकामनाएँ देने के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार मिश्र ने किया और इस अवसर पर सुरेश नारायण विश्वकर्मा, दूधनाथ विश्वकर्मा, कृष्णा प्रसाद विश्वकर्मा, कमलेश कुमार शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, राहुल विश्वकर्मा, महेन्द्र विश्वकर्मा,अरविन्द विश्वकर्मा, सुरेश चंद्र विश्वकर्मा, कमलेश विश्वकर्मा, आकाश विश्वकर्मा, लता विश्वकर्मा, पंकज, स्वतंत्रत, संजीव, हिमांशु, अरविंद विश्वकर्मा सहित बहुत से गणमान्य व्यक्ति एवं विनीता हास्पिटल प्रा०लि० फाफामऊ, प्रयागराज के सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *