जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लम्बित शिकायतों की समीक्षा की
जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में खराब फीडबैक का प्रतिशत अधिक पाये जाने पर कई अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को संगम सभागार में आईजीआरएस से सम्बंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक करते हुए जनपद स्तर पर 20, तहसील स्तर पर 04, विकास खण्ड स्तर पर 28 एवं नगर निगम स्तर पर 04 अधिकारियों के शिकायतों के निस्तारण से सम्बंधित खराब फीडबैक का प्रतिशत अधिक होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनसे स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को पाॅजिटिव फीडबैक बढ़ाये जाने, शिकायतों के निस्तारण के पूर्व शत-प्रतिशत शिकायतकर्ताओं से सम्पर्क करने तथा शिकायतों के निस्तारण से शिकायकर्ता संतुष्ट करने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के उपरान्त उसका परीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे शिकायतकर्ता की संतुष्टि का वास्तविक आकलन हो सके। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलम्ब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जिन विभागों में शिकायतें लंबित हैं, उनका प्राथमिकता पर निस्तारण कराते हुए पोर्टल पर समय से रिपोर्ट अपलोड की जाए तथा साथ ही बार-बार प्राप्त होने वाली शिकायतों के कारणों का चिन्हांकन कर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारीगण, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
