उरुवा के नवागंतुक खंड शिक्षा अधिकारी अमित दुबे बने
सोमवार को बीआरसी उरुवा कार्यालय पहुँचकर किया कार्यभार ग्रहण
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा । विकास खंड उरुवा के नवागन्तुक खंड शिक्षा अधिकारी अमित दुबे ने कल सोमवार को बीआरसी उरुवा के कार्यालय पहुँचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यालय के कर्मचारियों व ब्लॉक के समस्त एआरपीगण, शिक्षकों एवं विभागीय सहयोगियों ने नवागन्तुक खंड शिक्षा अधिकारी उरुवा अमित दुबे का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। नवागन्तुक बीईओ अमित दुबे से शिक्षकों ने आशा व्यक्त की कि उनके कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं सकारात्मक कार्यशैली से विकास खंड उरुवा की शैक्षिक गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी। उनके नेतृत्व में परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, विद्यालयों में बेहतर वातावरण निर्माण तथा शासन की विभिन्न शैक्षिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूती मिलेगी। शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षक और अधिकारी के बीच समन्वय, संवाद एवं सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी एआरपीगण एवं शिक्षकों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवागत खंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में शिक्षकों की समस्याओं का सकारात्मक समाधान, विद्यालयों की शैक्षिक प्रगति, बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार तथा विभागीय कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। नवागत खंड शिक्षा अधिकारी अमित दुबे के आगमन से विकास खंड उरुवा के शैक्षिक परिवार में नई ऊर्जा, उत्साह एवं उम्मीद का संचार हुआ है। शिक्षकों ने उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए पूर्ण सहयोग और सहभागिता का आश्वासन दिया। ततपश्चात नवागन्तुक बीईओ ने अपने कार्यालय के समस्त कर्मचारियों के साथ एक बैठक कर उनसे ब्लॉक के कार्यों के बारे में जानकारी तथा विभागीय कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उक्त अवसर पर ब्लॉक के एआरपी राजेश मिश्रा, अजीत मिश्रा, जगदीश मिश्रा, रामानंद शुक्ला व प्रमोद शुक्ला तथा बीआरसी कार्यालय उरुवा के लेखाकर कृष्ण कुमार शुक्ला, मुकेश शुक्ला, आशीष पांडेय, पूजा यादव, ओम प्रकाश, विजय कुमार, दिलीप कुमार सिंह, चंद्र विजय सिंह, बब्बू राम, रोहन यादव, सुधांशु कुमार व राहुल कुमार आदि ने नवागन्तुक बीईओ का कार्यकाल पहुँचने पर स्वागत एवं अभिनन्दन किया।
