मुलायम सिंह यादव की जयंती पर संदीप यादव ने दी श्रद्धांजलि, जरूरतमंदों में वितरित किया देसी घी का हलवा

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर संदीप यादव ने दी श्रद्धांजलि, जरूरतमंदों में वितरित किया देसी घी का हलवा

आदर्श सहारा टाइम्स

फाफामऊ (प्रयागराज)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर शनिवार को फाफामऊ के शांतिपुरम स्थित लेबर चौराहे पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख संदीप यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों और समर्थकों ने शामिल होकर नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान लेबर चौराहे पर विशेष स्टॉल लगाया गया, जहां स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा स्थापित कर उसे फूलों से सजाया गया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख संदीप यादव ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी पुष्प अर्पित कर नेताजी के व्यक्तित्व, संघर्ष और राजनीतिक योगदान को याद किया।

जयंती को सेवा और जनकल्याण के रूप में मनाते हुए संदीप यादव की ओर से गरीबों, जरूरतमंदों और राहगीरों के बीच देसी घी से तैयार हलवे का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर पूरे समय लोगों की आवाजाही बनी रही और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर संदीप यादव ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों और समाज के कमजोर वर्गों के हितों के लिए समर्पित किया। उन्होंने हमेशा जमीन से जुड़े लोगों की आवाज उठाई और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश दिया। उनके संघर्ष, सादगी और जनसेवा की भावना से आज भी युवाओं और समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों को प्रेरणा मिलती है। नेताजी के विचारों को आगे बढ़ाना और जरूरतमंदों की मदद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी नेताजी के बताए रास्ते पर चलने और समाज के गरीब एवं कमजोर वर्गों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने का संकल्प लिया।

इस मौके पर मुलायम यादव, अभिषेक यादव, महेश यादव, विवेक यादव, बब्बन कुशवाहा, पंकज पटेल, सोनू यादव, महामंत्री रतन सिंह यादव, गोलू मिश्रा, सोमनाथ यादव, कमल सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *