जिलाधिकारी ने निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय महुआरी पहुंचकर चल रहे पुनरीक्षण कार्य का लिया जायजा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने 21 एवं 22 नवम्बर को आयोजित विशेष अभियान के दिन सभी बीएलओ को मतदान केन्द्र पर उपस्थित रहकर पुनरीक्षण की कार्यवाही को सुनिश्चित किए जाने के दिए निर्देश
कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता बनने से छूटने न पाये-जिला निर्वाचन अधिकारी
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा शुक्रवार को निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय महुआरी-विकास खण्ड चाका करछना पहुंचकर वहां पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए वहां पर तैनात बीएलओ तथा सुपरवाईजर से पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ पर उपस्थित बीएलओ को मतदाता सूची का अनिवार्य रूप से वाचन करने के लिए कहा है। उन्होंने मतदाता सूची में दर्ज एक-एक मतदाताओं से सम्बंधित विवरण की जांच करने तथा यदि उसमें कोई कमी हो या संशोधन की आवश्यकता हो, तो सम्बंधित से सम्पर्क कर फार्म-8 भरवाकर संशोधन की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने न पाये। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के सदस्यों का नाम यदि कई बूथ पर है, तो उस परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक बूथ पर करने के लिए सम्बंधित फार्म को भरवाते हुए कार्यवाही करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि नए युवा मतदाताओं एवं छूटे हुए मतदाताओं से फार्म-6 भराकर मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने जेंडर रेशियों के तहत महिला मतदाताओं का नाम यदि मतदाता सूची में नहीं है, तो उनसे फार्म-6 भराते हुए मतदाता सूची में उनका नाम शामिल करें। जिलाधिकारी ने सम्बंधित ईआरओ को सभी बीएलओ का आईकार्ड भी बनवाये जाने के लिए कहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जहां पर किसी मतदाता के नाम, पिता का नाम, फोटो या कोई अन्य विवरण में संशोधन की आवश्यकता हो, तो सम्बंधित से फार्म-8 भरवाते हुए संशोधन से सम्बंधित नियमों का पूर्णतः पालन करते हुए संशोधन की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी बीएलओ को रजिस्टर बनाने तथा उसमें फार्म-6, 7 एवं 8 से सम्बंधित कार्यवाही को उल्लिखित करने तथा ऑफलाइन भरे जाने वाले फार्मों को एप के माध्यम से डिजिटाइज किए जाने के लिए कहा है।
*जिलाधिकारी ने कहा कि 21 एवं 22 नवम्बर को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गयी है। उन्होंने सभी बीएलओ को मतदान केन्द्र पर उपस्थित रहकर पुनरीक्षण की कार्यवाही को सुनिश्चित किए जाने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने इस अवसर पर बूथों पर पर्याप्त मात्रा में फार्म-6, 7 एवं 8 की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए है।* जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ, सुपरवाईजर तथा पुनरीक्षण कार्य में लगे हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तनमयता से कार्य करने के लिए कहा। कहा कि कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता बनने से छूटने न पाये। इस अवसर पर सम्बंधित ईआरओ तथा बीएलओ व सपुरवाईजर उपस्थित रहे।
