माननीय निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने आयुक्त कार्यालय में निर्वाचन से सम्बंधित कार्यों की समीक्षा की
मतदाता सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित हो कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता बनने से छूटने न पाये-मा0 निर्वाचन आयुक्त
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में अच्छा कार्य करने वाले 10 बीएलओ को मा0 निर्वाचन आयुक्त महोदय ने किया सम्मानित
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । माननीय निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली विवेक जोशी की अध्यक्षता में गुरूवार को गांधी सभागार में मण्डलायुक्त, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ निर्वाचन प्रक्रिया से सम्बंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने निर्वाचन प्रक्रिया से सम्बंधित चल रहे कार्यों एवं जनपद की सामान्य जानकारी व विधानसभावार ईपी रेशियों, जेण्डर रेशियों तथा अन्य कार्यों के बारे में मा0 निर्वाचन आयुक्त महोदय को विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में मा0 निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पादित हो, इसके लिए निर्वाचन कार्य में लगे हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित हो कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता बनने से छूटने न पाये। उन्होंने महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों एवं भर्ती रैलियों में कैम्प लगाकर एवं अभियान चलाकर युवा मतदाताओं से फार्म-6 भरवाते हुए मतदाता सूची में उनका नाम शामिल किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाये जाने के लिए कहा, जिससे कि अधिक से अधिक लोगो का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। उन्होंने सिनेमा हॉलों में भी विज्ञापन के माध्यम से लोगो को मतदाता बनने के लिए जागरूक करने के लिए कहा है। मा0 निर्वाचन आयुक्त ने जेण्डर रेसियों की समीक्षा करते हुए फूलपुर, हण्डिया एवं मेजा में जेण्डर रेशियों का प्रतिशत कम पाये जाने पर उन्होंने अभियान चलाकर पात्र महिलाओं से फार्म-6 भरवाते हुए उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराये जाने के लिए कहा है। इसके लिए उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से भी समन्वय बनाकर सहयोग लिए जाने के लिए कहा है। मा0 निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि फार्म-8 संशोधन से सम्बंधित कार्यों पर सतत् निगरानी बनाये रखा जाये तथा निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन का पूर्णत पालन सुनिश्चित किया जाये। मा0 निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं शुद्ध बनाने में अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ बीएलओ की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन सम्बंधी कार्यों को सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने में प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान होता है। निर्वाचन कार्य में लगे हुए मतदान कार्मिकों का जितने अच्छे ढंग से प्रशिक्षण होगा, उतनी ही सरलता एवं सहजता से निर्वाचन प्रक्रिया को सम्पन्न कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता न हो। कहा कि मतदान के समय मतदान कार्मिकां के लिए मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित रहे। उन्होंने संवेदनशील बूथों के चिन्हीकरण सहित कानून व्यवस्था के सम्बंध में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में अच्छा कार्य करने वाले 10 बीएलओ को मा0 निर्वाचन आयुक्त महोदय के द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मा0 निर्वाचन आयुक्त महोदय ने नए वोटरों के द्वारा भरे गये फार्मों को देखा एवं और उपस्थित युवा एवं नए मतदाताओं से वार्ता भी की।
बैठक के अंत में मण्डलायुक्त लोकेस एम0 ने मा0 निर्वाचन आयुक्त महोदय को आश्वस्त करते हुए कहा कि जो भी दिशा-निर्देश दिए गए है, उनका अक्षरशः पालन कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल ढंग से सम्पन्न कराया जायेगा। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती उपमा पाण्डेय एवं सभी ईआरओ सहित निर्वाचन कार्य से सम्बंधित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
