मेजा क्षेत्र में डंपर की टक्कर से घायल बाइक सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने बरसैता पुल पर लगाया जाम
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा । मेजा थाना क्षेत्र के मैदनिया बरसैता गांव में बुधवार रात तेज रफ्तार अज्ञात डंपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार गोपीचंद पाल (32) की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बरसैता पुल पर शव रखकर कोहड़ार-खीरी मार्ग जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मैदनिया गांव के सामने बुधवार रात गोपीचंद पाल बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने शव को बरसैता पुल पर रखकर सड़क पर आवागमन बाधित कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों के संचालन पर रोक लगाने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के कारण क्षेत्र में हादसों का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस प्रशासन जांच पड़ताल में जुटी।
