अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया आरंभ

अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया आरंभ

प्रवेश हेतु इच्छुक अभ्यर्थी 20 नवम्बर से 5 जनवरी तक फॉर्म जमा करें, प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी को

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज। उप श्रम आयुक्त सुमित कुमार ने बताया है कि तहसील कोरांव के ग्राम बेलहट में संचालित अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2027-2028 के लिए दाखिला प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है इच्छुक अभ्यर्थी 20 नवम्बर 2026 से 5 जनवरी 2027 तक अपने फॉर्म जमा कर सकते हैं, जिसकी प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 (रविवार) को संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि इस आवासीय विद्यालय में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों और कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और आवास मिलता है। इस बार कक्षा 6 में 140 सीटों पर चयन होगा, जबकि कक्षा 9 में खाली 02 सीटों पर चयन होगा। कक्षा 6 में प्रवेश हेतु बालक-बालिका कि जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 और कक्षा 9 के लिए 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के मध्य तय की गई है। कुल सीटों में से 50 प्रतिशत लड़कियों के लिए आरक्षित हैं, साथ ही एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को नियमानुसार आरक्षण मिलेगा।
आवेदन के लिए उ0प्र0 भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में श्रमिक का पंजीकरण 30 अक्टूबर 2026 तक कम से कम तीन वर्ष पुराना और नवीनीकृत होना चाहिए (एक श्रमिक के अधिकतम दो बच्चे पात्र होंगे)। इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना या महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकृत अनाथ बच्चे भी पात्र हैं। कक्षा 6 की 2 घंटे की परीक्षा में मानसिक क्षमता, गणित और भाषा से जुड़े 80 प्रश्न (100 अंक) आएंगे, वहीं कक्षा 9 में अंग्रेजी, हिंदी, गणित और विज्ञान से 100 अंकों के सवाल पूछे जाएंगे। निःशुल्क आवेदन पत्र कार्यालय उपश्रमायुक्त, जिला प्रोबेशन, बी0एस0ए0, बी0डी0ओ0 और बी0ई0ओ0 कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं या वेबसाइट upbocw.in पर ऑनलाइन भरे जा सकते हैं। सभी निर्माण श्रमिकों से अपील है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपने पंजीकरण का नवीनीकरण कराते हुये अपने बच्चों का आवेदन निर्धारित समय सीमा में जमा करायें, ताकि वे प्रवेश परीक्षा में शामिल हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *