कोरांव छठ महोत्सव में पर उमड़ा आस्था का सैलाब, छठ गीतों पर झूमे श्रद्धालु
उगते सूर्य को छठ व्रती महिलाओं ने दिया अर्घ्य, भोजपुरी गायक राजेश परदेशी ने गीतों के साथ यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
विधायक एवं चेयरमैन ने दिया एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश
आदर्श सहारा टाइम्स
कोरांव (प्रयागराज)। नगर पंचायत कोरांव में छठ महापर्व के अवसर पर थाना के पीछे स्थित अटल सरोवर तालाब पर आयोजित कोरांव छठ महोत्सव में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। छठी मइया के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। पर्व के अवसर पर छठ व्रती महिलाओं ने विधि-विधान के साथ उगते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। महोत्सव में भोजपुरी गायक राजेश परदेशी ने अपने लोकप्रिय छठ गीतों की शानदार प्रस्तुति से उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उनके गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। वहीं गायक नीरज राव, गायिका पूजा सोनाली एवं अजय ने भी अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इस दौरान झांकी कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब भोजपुरी गायक राजेश परदेशी ने छठ गीतों के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने का संदेश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक राजमणि कोल एवं नगर पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन नरसिंह केशरी, संतोष गुप्ता, परमहंस सिंह, पप्पू गुप्ता, डॉ. राकेश मौर्या, शुभम सोनी, अनूप केशरी, जीतू मौर्या सहित अनेक गणमान्य लोग एवं भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी कोरांव शैलेन्द्र सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे।
