प्रयागराज में रोजगार महोत्सव-2026 की तैयारी तेज, 100 कंपनियां देंगी करीब 30 हजार नौकरियां
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय प्रयागराज द्वारा रोजगार महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 09 एवं 10 अक्टूबर 2026 को शम्भूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, झलवा, प्रयागराज में दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
मेले में निजी क्षेत्र की करीब 100 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और विभिन्न पदों पर लगभग 30 हजार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने का लक्ष्य रखा गया है। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों के शामिल होने की उम्मीद है।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे रोजगार मेले
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सितंबर, अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान विधानसभा वार रोजगार मेलों का कार्यक्रम भी प्रस्तावित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—
24 सितंबर 2026 — शहर उत्तरी
25 सितंबर 2026 — बारा
26 सितंबर 2026 — सोरांव
27 अक्टूबर 2026 — फाफामऊ
28 अक्टूबर 2026 — करछना
29 अक्टूबर 2026 — कोरांव
16 नवंबर 2026 — फूलपुर
17 नवंबर 2026 — मेजा
18 नवंबर 2026 — शहर दक्षिणी
27 नवंबर 2026 — प्रतापपुर
28 नवंबर 2026 — हंडिया
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक एवं अन्य परिस्थितियों के अनुसार निर्धारित तिथियों में परिवर्तन किया जा सकता है।
कई नामी कंपनियां होंगी शामिल
रोजगार महोत्सव में प्रेरणा कंसल्टेंसी, जस्ट डायल, एक्सिस बैंक, सिद्धी इनफोटेक, वर्धमान टेक्सटाइल, बीकेटी टायर, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट, टाटा मोटर्स, यूनिकेम लेबोरेटरीज और पेटीएम सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिभाग करने की जानकारी दी गई है।
प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी
रोजगार महोत्सव को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में शम्भूनाथ ग्रुप के प्लेसमेंट ऑफिसर श्री अविरल, सिद्धी इनफोटेक के रितेश गोयल, सहायक निदेशक सूचना प्रयागराज तथा जिला सेवायोजन अधिकारी कौशाम्बी सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि रोजगार महोत्सव के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
विभाग की इस पहल से प्रयागराज जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को भी बड़ी संख्या में अवसर मिलने की उम्मीद है।
