प्रयागराज में 2 नवंबर को लगेगा रोजगार महोत्सव, 3000 से अधिक पदों पर होगी भर्ती
18 प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी हिस्सा, 10 हजार से 30 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज एवं लाल बहादुर शास्त्री राजकीय पॉलिटेक्निक, मांडा खास के संयुक्त तत्वावधान में 2 नवंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले का आयोजन लाल बहादुर शास्त्री राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर, मांडा खास, प्रयागराज में सुबह 10 बजे से होगा।
इस रोजगार महोत्सव में निजी क्षेत्र की 18 प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा 3000 से अधिक पदों पर सीधे भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 10,000 रुपये से 30,000 रुपये तक मासिक वेतन दिए जाने का प्रावधान है।
हाईस्कूल से बीटेक तक के अभ्यर्थियों को मौका
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बीबीए, बीटेक और एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। मेले का उद्देश्य निजी क्षेत्र में रोजगार के इच्छुक बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
रोजगार संगम पोर्टल पर कराना होगा पंजीकरण
इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना पंजीकरण कराना होगा। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, अंकपत्रों एवं जाति प्रमाणपत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी पोर्टल पर प्राप्त की जा सकती है।
सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने बताया कि रोजगार महोत्सव में प्रतिभाग करने के लिए कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
