सिरसा गंगा घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का हुआ समापन

सिरसा गंगा घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का हुआ समापन

36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद हजारों व्रती महिलाओं ने की परिवार की सुख-समृद्धि की कामना, घाट पर गूंजे छठी मैया के जयकारे

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र में छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह सिरसा गंगा घाट पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। उरूवा ब्लॉक क्षेत्र के सिरसा-मेजा गंगा घाट पर हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं पहुंचीं और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का विधि-विधान से समापन किया।

सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। व्रती महिलाएं सूप में फल, ठेकुआ, गन्ना, फूल-माला और पूजन सामग्री सजाकर गंगा जल में खड़ी हुईं। जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, महिलाओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा घाट छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा।

व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की। 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने के बाद उगते सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाओं ने अपना व्रत पूरा किया।

छठ महापर्व को लेकर घाट पर विशेष सजावट की गई थी। जगह-जगह फूल-मालाएं लगाई गईं। श्रद्धालुओं ने पटाखे फोड़कर खुशियां मनाईं। छठ गीतों और डीजे की धुन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खाने-पीने की सामग्री के स्टॉल भी लगाए गए थे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय और सिरसा चौकी प्रभारी प्रभाकर शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं सिरसा नगर पंचायत की ओर से विपिन केसरी और लखन ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। नगर पंचायत द्वारा घाट पर साफ-सफाई, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था कराई गई थी।

श्रद्धा, विश्वास और उल्लास के बीच छठ महापर्व का शांतिपूर्ण ढंग से समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *