मेजा में दो दिवसीय वार्षिक समारोह एवं ‘सुर संगम’ का भव्य आयोजन, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। सर्वजन हितकारी व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में दुबेपुर स्थित पकरी सेवार के जे० पी० सुपर पैलेस में दो दिवसीय भव्य ‘वार्षिक समारोह एवं सुर संगम’ का आयोजन किया जा रहा है। 13 एवं 14 नवंबर को आयोजित इस सांस्कृतिक एवं सामाजिक महोत्सव में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, शिक्षाविदों, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम के प्रथम दिन शुक्रवार को समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेश शर्मा, निदेशक, आर्गन हॉस्पिटल, मीरपुर, करछना द्वारा किया गया। वहीं, शनिवार को समापन समारोह में मेजा के नायब तहसीलदार नन्द लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
दो दिवसीय समारोह की अध्यक्षता श्री राम प्रताप इंटर कॉलेज, सिरसा के प्रधानाचार्य डॉ. शिव प्रकाश पाठक कर रहे हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज, सिरसा-प्रयागराज की प्रो. अजीता भट्टाचार्या एवं प्राचार्य प्रो. महेन्द्र जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सुर संगम में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सुर संगम’ रहा, जिसमें बच्चों ने शानदार नृत्य, डांडिया और गायन की प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच मिला।
निःशुल्क नेत्र शिविर में सैकड़ों लोगों को मिला लाभ
समारोह के दौरान आशुतोष आई हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क नेत्र शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर लाभ उठाया। इस सामाजिक पहल की लोगों ने सराहना की। सांस्कृतिक आयोजन के साथ स्वास्थ्य सेवा को जोड़कर आयोजकों ने सामाजिक सरोकार का भी सराहनीय संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी संयोजक जय प्रकाश द्विवेदी को सौंपी गई है। आयोजन को सफल बनाने में बरी के पूर्व प्रधान अखिलेश पाण्डेय, समोगरा के प्रधान अनिल पाण्डेय, लखनपुर के सामाजिक कार्यकर्ता राजीव तिवारी सहित स्थानीय पत्रकार सतीश चन्द्र, गोपाल जी और अंकित द्विवेदी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, ‘सुर संगम’ केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इस आयोजन से मेजा क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
