श्री राम प्रभु की कथा श्रवण करने से भवसागर पार हो जाता है, गौरांगी गौरी जी
राम कथा के पहले दिन राम नाम की महिमा का वर्णन किया
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा,प्रयागराज। मेजा तहसील क्षेत्र टाई सरैया गांव में शुक्रवार प्रथम दिन राम कथा के पहले दिन राम नाम की महिमा का वर्णन किया।
टाई सरैया गांव में शुक्रवार से राम कथा मंत्र उच्चारण के साथ शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन कथा पंडित गौरांगी गौरी जी ने बताया कि राम नाम अविनाशी है। दुनिया इधर से उधर हो जाए, सब कुछ बदल जाए पर यह राम नाम ज्यों का त्यों यूं ही सदा बना रहेगा।
कथा पंडित गौरांगी गौरी जी ने कहा कि इस राम नाम की महिमा कभी भी कम नहीं होगी बल्कि दिन-प्रतिदिन इसकी महिमा बढ़ते ही जाएगी। उन्होंने कहा कि राम की महिमा अपरंपार है। प्रभु श्रीराम स्वयं कह गए राम से बड़ा राम का नाम है। जो बात स्वयं राम कह गए वो कैसे गलत हो सकती है। जीवन का आधार ही राम नाम है। हर जगह राम नाम की महिमा का गुणगान है। राम सिर्फ एक नाम नहीं है। राम नाम सबसे बड़ा मंत्र है। राम नाम की महिमा तो ये है की सदाशिव भोले शंकर भी राम नाम जपते रहते हैं। इसी नाम का वो हर प्रहर जाप करते रहते हैं। संसार चल ही राम नाम से रहा है। सूर्य, चन्द्रमा, अग्नि, वायु सभी में जो शक्ति है वह राम नाम में समाहित है। जीवन में राम नाम का बहुत महत्व है। जीवन के हर पल और हर क्षण में राम नाम चलन रहता है। बच्चे के जन्म में श्री राम के नाम का सोहर होता है। विवाह आदि मांगलिक कार्यों के अवसर पर श्री राम के गीत गाए जाते हैं। यहां तक कि मनुष्य की अंतिम यात्रा में भी राम नाम का ही घोष किया जाता है। राम सब में बड़े हैं। राम में शिव और शिव में राम विद्यमान हैं। श्री राम को शिव का महामंत्र माना गया है और राम सर्वमुक्त हैं। कथा के मुख्य यजमान गोविंद लाल पटेल व श्रीमती चंद्रकली पटेल
उरुवा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भोला गौतम और कार्यक्रम आयोजक प्रदीप कुमार सिंह भारी संख्या में श्रोतागण आदि मौजूद रहे।
