कोरांव छठ महोत्सव में भोजपुरी गायक राजेश परदेशी का होगा आगमन, नीरज राव व पूजा सोनाली भी बिखेरेंगे सुरों का जलवा
15 नवंबर को अटल सरोवर तालाब पर सजेगी भक्ति और संगीत की महफिल, युवाओं में उत्साह
आदर्श सहारा टाइम्स
कोरांव,प्रयागराज। नगर पंचायत कोरांव में इस वर्ष छठ महोत्सव को यादगार बनाने के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं। नगर पंचायत कोरांव के थाना परिसर के पीछे स्थित अटल सरोवर तालाब पर 15 नवंबर को छठ महोत्सव का शानदार आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में पूर्वांचल के मशहूर भोजपुरी गायक राजेश परदेशी अपनी गायकी से लोगों का मनोरंजन करेंगे। उनके आगमन की खबर से ही क्षेत्र के युवाओं और भोजपुरी संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। भोजपुरी जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके राजेश परदेशी अपने चर्चित गीतों के माध्यम से श्रोताओं के बीच लोकप्रिय हैं। खासकर उनके चर्चित गीत ‘ई वाला ले’ ने उन्हें पूरे देश में पहचान दिलाई है। छठ महोत्सव के मंच पर उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगी। उनके गीतों पर दर्शकों के झूमने और कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है।

वहीं, इस सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन में भोजपुरी गायक नीरज राव और लोकप्रिय गायिका पूजा सोनाली भी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। कलाकारो द्वारा छठी मइया की महिमा का बखान करते हुए भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। अटल सरोवर तालाब पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का भी संदेश देगा। आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य परमहंस, पप्पू गुप्ता, संतोष गुप्ता, अभिषेक मोदनवाल, शुभम सोनी एवं शिवम सोनी सहित अन्य लोग जुटे हुए हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, युवाओं, व्यापारियों एवं नगरवासियों से 15 नवंबर को शाम पांच बजे अटल सरोवर तालाब पहुंचकर महोत्सव में सहभागिता करने तथा कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
