मेजा के डोहरिया गांव में हार्वेस्टर की चपेट में आने से युवक घायल, अस्पताल में इलाज जारी
सहारा सन्देश टाइम्स
मेजा,प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के डोहरिया गांव में बुधवार रात धान की कटाई के दौरान हार्वेस्टर की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में ग्रामीणों ने हार्वेस्टर बंद कराकर युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, डोहरिया गांव निवासी संतोष सिंह बुधवार रात गांव के पास स्थित अपने खेत में हार्वेस्टर से धान की कटाई करवा रहे थे। इसी दौरान किसी काम से वह हार्वेस्टर के पास पहुंचे, तभी अचानक मशीन की चपेट में आकर उसमें फंस गए। हादसे में उनके शरीर में चोटें आईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए हार्वेस्टर को बंद कराया और संतोष सिंह को मशीन से बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि फिलहाल संतोष सिंह की हालत में सुधार है। घटना के बाद ग्रामीणों ने किसानों और हार्वेस्टर चालकों से धान की कटाई के दौरान सतर्कता बरतने तथा मशीन के आसपास विशेष सावधानी रखने की अपील की है।
