मेजा क्षेत्र स्थित मांडा में रिश्तेदारी में आया इकलौता बेटा गंगा स्नान के दौरान डूबा, परिवार में मचा कोहराम
बुआ के घर आया था किशोर, गंगा में नहाते समय गहरे पानी में समाया; पुलिस और ग्रामीणों ने शुरू किया तलाश अभियान
आदर्श सहारा टाइम्स
मांडा ,प्रयागराज। मांडा थाना दिघिया चौकी अंतर्गत अछोला गांव में गंगा स्नान करने की इच्छा एक परिवार के लिए बड़े दुख का कारण बन गई। रिश्तेदारी में आया एक किशोर मंगलवार सुबह गंगा में स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। किशोर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे के डूबने की खबर सुनकर मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार शिवपुरा निवासी सत्यधारी उम्र 17 वर्ष पुत्र राजेन्द्र कुमार सोमवार शाम अपनी रिश्तेदारी में अछोला गांव स्थित अपनी बुआ लक्ष्मी के घर आया था। मंगलवार सुबह किशोर गंगा स्नान करने के लिए घर से निकला था। बताया जा रहा है कि गंगा में स्नान करते समय वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा।
इस दौरान किशोर को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आवाज सुनी। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक किशोर गहरे पानी में समा चुका था। ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दिघिया चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई। गंगा में डूबे किशोर को खोजने के लिए पुलिस और ग्रामीण लगातार प्रयास में जुटे रहे। बताया जा रहा है कि सत्यधारी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके डूबने की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में रिश्तेदारी में आए किशोर के आने से खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। इस हृदयविदारक घटना से अछोला सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई किशोर के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठा है। परिजनों का इंतजार और उनकी आंखों से बहते आंसू इस हादसे की गंभीरता बयां कर रहे हैं।
