दातागंज मेले में खिलौने के पैसों को लेकर खूनी संघर्ष, चाकू से हमला कर युवक की हत्या

 

दातागंज मेले में खिलौने के पैसों को लेकर खूनी संघर्ष, चाकू से हमला कर युवक की हत्या

एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर हालत में हायर सेंटर में भर्ती; डीएम और एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

 

दातागंज (बदायूं)। दातागंज कस्बे में आयोजित मेले के दौरान खिलौने के पैसों को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि ऋतिक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना में घायल ऋतिक पुत्र मुकेश ठाकुर और रोहित पुत्र पुत्तू जाटव निवासी ग्राम बेहटा माधो, थाना दातागंज हैं। आरोप है कि चाकू से हमला करने वाला मो. बारिश पुत्र रहीश अहमद निवासी मोहल्ला मरदान, थाना व कस्बा फरीदपुर, जनपद बरेली है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटी हैं। पुलिस को तहरीर प्राप्त हो गई है और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई के साथ ही अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने घटनास्थल का भौतिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मामले में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *