मुकेश कोल को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर
आदर्श सहारा टाइम्स
कोरांव (प्रयागराज)।विकासखंड कोरांव के ब्लॉक प्रमुख मुकेश कोल को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। पार्टी संगठन में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की जानकारी के बाद समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों की ओर से लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। लोगों ने इस नियुक्ति को कोरांव क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए उनके प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। मुकेश कोल को संगठन में क्षेत्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने से उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि ब्लॉक प्रमुख के रूप में क्षेत्र में उनकी सक्रियता और जनसंपर्क को देखते हुए संगठन में मिली यह नई जिम्मेदारी उनके राजनीतिक सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने तथा अनुसूचित जनजाति समाज के लोगों की समस्याओं और अधिकारों को प्रमुखता से उठाने की अपेक्षा जताई जा रही है। इस अवसर पर नगर पंचायत कोरांव के चेयरमैन ओम प्रकाश केशरी एवं पूर्व चेयरमैन नरसिंह केशरी ने मुकेश कोल को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इसके साथ ही बबुआन द्विवेदी, शशि द्विवेदी, राजा चौबे, संजय पटेल, विपिन होंडा सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बधाई देने वालों ने विश्वास जताया कि मुकेश कोल अपने नए दायित्व का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को गति देने के साथ ही क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
