बिना लाइसेंस पटाखों की दुकान मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई-थाना प्रभारी
अवैध रूप से पटाखों की बिक्री करने वालों पर पुलिस की रहेगी पैनी नजर, नियमों का पालन करने की दी गई हिदायत
आदर्श सहारा टाइम्स
कोरांव ,प्रयागराज। दीपावली की त्योहार को देखते हुए कोरांव पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। थाना प्रभारी कोरांव शैलेंद्र सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में बिना लाइसेंस के पटाखों की दुकान संचालित करते हुए कोई भी व्यक्ति पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पटाखों की बिक्री के लिए संबंधित विभाग से वैध लाइसेंस लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति के पटाखों का भंडारण और बिक्री करना कानूनन अपराध है। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेगी। थाना प्रभारी ने दुकानदारों से अपील की कि वे निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही पटाखों की बिक्री करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि अवैध रूप से पटाखों की बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
