लाखों दीपो के प्रज्ज्वलन से जगमग हुई संगम नगरी

लाखों दीपो के प्रज्ज्वलन से जगमग हुई संगम नगरी

भारद्वाज आश्रम, श्रृंगवेरपुर धाम सहित अन्य घाटों पर भव्य रूप से दीपोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन

महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुरधाम में बनाया जायेगा दीप स्तम्भ-मा0 उपमुख्यमंत्री

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज । लोक संस्कृति, कला, साहित्य, परम्पराओं तथा स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं जनसामान्य को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को महर्षि भारद्वाज आश्रम, श्रृंगवेरपुर धाम में भव्य रूप दोपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। महर्षि भारद्वाज आश्रम, श्रृंगवेरपुर धाम के अलावा अन्य घाटों पर भी भव्य रूप से दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग के द्वारा श्रृंगवेरधाम में रामचरित मानस पर आधारित चित्र पाण्डुलिपि प्रदर्शनी भी लगायी गयी थी। साथ ही लोक कलाकारों के द्वारा दोनो स्थलों पर रामकथा पर आधारित रामायण का मंचन भी किया गया।
इस अवसर पर वर्चुअल रूप से उपस्थित होते हुए मा0 उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को भव्य एवं दिव्य रूप से आयोजित करने के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि यह दीपोत्सव कार्यक्रम प्रतिवर्ष और भव्य रूप से आयोजित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की प्रशंन्नता है कि आज महर्षि भरद्वाज आश्रम एवं श्रृंगवेरपुरधाम में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में सांस्कृतिक धरोहर की नई परम्परा की शुरूआत हुई है। कहा कि कोई भी तीर्थयात्री श्रृंगवेरपुर आयें तो वह प्रयागराज जरूर आयें और यदि प्रयागराज आयें, तो श्रृंगवेरपुर जरूर जाये, इसके लिए उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को इस सम्बंध में माननीय जनप्रतिनिधिगणों से समन्वय बनाते हुए कार्ययोजना बनाये जाने के लिए कहा है। मा0 उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुरधाम में दीप स्तम्भ बनाया जायेगा, इसके लिए उन्होंने सम्बंधित को आवश्यक कार्यवाही करने के लिए सम्बंधित को निर्देशित किया। मा0 उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्रृंगवेरधाम की तरह महर्षि भारद्वाज आश्रम में भी रामायण मेला का आयोजन एवं रामलीला का मंचन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि रामलीला के मंचन से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति के बारे में जानकारी प्राप्त होगी।
इस अवसर पर महर्षि भारद्वाज आश्रम पर आयोजित कार्यक्रम में मा0 राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, मा0 विधान परिषद सदस्य के0पी0 श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा उपाध्यक्ष श्रीमती कृतिका अग्रवाल सहित अन्य मा0 जनप्रतिनिधिगणों के अलावा नगर मजिस्टेट विनय कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी, पाण्डुलिपि अधिकारी श्री गुलाम सरवर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इसी तरह से श्रृंगवेरपुरधाम में भी मा0 उपमुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर मा0 विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, व अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला विकास अधिकारी जी0पी0 कुशवाहा, उमेश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *