कोरांव में धूमधाम से मनाई गई सरदार पटेल की जयंती
एकांकी, गजल, कजरी और भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
आदर्श सहारा टाइम्स
कोरांव ,प्रयागराज। कोरांव क्षेत्र के सिकरो गांव स्थित सरदार पटेल इंटरमीडिएट कॉलेज में लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी कोरांव टीपी प्रसाद मौजूद रहे। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एकांकी, गजल, कजरी, भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से सरदार बल्लभ भाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम टीपी प्रसाद ने सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजेश त्रिपाठी, पुष्पराज मिश्रा डिप्टी जेलर, पूर्व जिलाध्यक्ष शिव दत्त पटेल, यदुवीर सिंह, अभयराज सिंह व विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ अवधेश कुमार सिंह ने आये हुए सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता गुलाब शंकर मिश्रा ने किया।
