पिता को बार एसोसिएशन का अध्यक्ष चुने जाने पर अधिवक्ता योगेश मिश्र योगी ने जताया आभार
अधिवक्ताओं के विश्वास और समर्थन को बताया जीत का आधार
सहारा संदेश टाइम्स
कोरांव ,प्रयागराज। बार एसोसिएशन तहसील कोरांव के चुनाव में विजय शंकर मिश्र के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है। पिता की इस शानदार जीत पर उनके पुत्र अधिवक्ता योगेश मिश्र योगी ने बार एसोसिएशन के समस्त सम्मानित अधिवक्ताओं एवं समर्थकों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं ने जिस विश्वास, स्नेह और समर्थन के साथ उनके पिता को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए पूरा परिवार सदैव उनका ऋणी रहेगा। अधिवक्ता योगेश मिश्र योगी ने कहा कि यह जीत केवल एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि बार एसोसिएशन के सम्मानित अधिवक्ताओं के विश्वास और एकजुटता का प्रतीक है। चुनाव में प्रतिकूल मौसम और बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। सभी मतदाताओं का उत्साह और सहयोग सराहनीय रहा।उन्होंने कहा कि उनके पिता विजय शंकर मिश्र ने हमेशा अधिवक्ताओं के सम्मान, अधिकारों और हितों को प्राथमिकता दी है। अध्यक्ष पद की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भी वह अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान, बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय तथा संगठन की गरिमा बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
