कोरांव में सामूहिक विवाह समारोह, 78 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
बीडीओ व विधायक पीआरओ ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, अतिथियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
आदर्श सहारा टाइम्स
कोरांव ,प्रयागराज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह एवं के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कुल 78 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। वैदिक रीति-रिवाजों एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न होने के साथ ही नवदंपतियों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की। इस दौरान समारोह स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी कोरांव राहुल मिश्र एवं विधायक पीआरओ अखंड पाण्डेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, गणमान्य नागरिकों एवं मिस्कीन सेवा संस्थान ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने नवविवाहित वर-वधुओं को सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। अतिथियों का पुष्प भेंट कर स्वागत भी किया गया।
समारोह में मिस्कीन सेवा संस्थान ट्रस्ट के सदस्यों ने सहभागिता निभाते हुए नवदंपतियों का उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह एवं निकाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग मिलता है। साथ ही सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मांडा गंगा प्रसाद मिश्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं बीडीओ राहुल मिश्र एवं एडीओ समाज कल्याण आरिफ खान ने समारोह में सहभागिता करने वाले अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। नवविवाहित जोड़ों के चेहरों पर नई जिंदगी की शुरुआत की खुशी साफ झलक रही थी।
