मेजा क्षेत्र में बारिश बनी किसानों के लिए आफत, खेतों में पड़ी धान की फसल खराब होने की कगार पर
सहारा सन्देश टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खरीफ सीजन की मुख्य फसल धान पककर तैयार हो चुकी है। कई किसानों ने धान की कटाई करके फसल को खेतों में ही रखा है, लेकिन लगातार बारिश के कारण कटी हुई फसल खेत में ही भीग रही है, जिससे धान खराब हो रहा है।
किसानों का कहना है कि इस बार धान की पैदावार अच्छी हुई थी, लेकिन ऐन कटाई के समय हुई बारिश ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में पानी भर जाने से कटी फसल सड़ने लगी है और उसमें अंकुर निकलने का भी खतरा बढ़ गया है। जो धान खड़ा है, वह भी बारिश और तेज हवा से गिर रहा है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों में पड़ी फसल के नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजे की व्यवस्था की जाए और धान खरीद केंद्रों को जल्द शुरू किया जाए ताकि बची हुई फसल को किसान बेच सकें।
बारिश का दौर ऐसे ही जारी रहा तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
