इंद्र और केंद्र दोनों किसानों के पीछे हाथ धोकर पड़े –
मेजा क्षेत्र में दो दिन की बारिश से कटी धान सड़ी, किसान
बेहाल
सहारा सन्देश टाइम्स
शैलेश कुमार कुशवाहा
मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र में बेमौसम बारिश ने किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। बुधवार से शुक्रवार तक लगातार हो रही वर्षा से खेतों में रखी कटी हुई धान की फसल भीगकर खराब हो गई है। कई गांवों में किसानों का भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक उरुवा, मेजा खास, मांडा, कोराव, कोटहा और अमिलिया कलां में इन दिनों धान की कटाई चल रही थी। अधिकांश किसानों ने फसल काटकर खेत में ही रखी थी। अचानक हुई बारिश से खेतों में पानी भर गया और बालियां सड़ने लगी हैं।
*किसानों की जुबानी -*
अमिलिया कलां के किसानों ने बताया – “खेत में धान काटी थी, बारिश से पूरी सड़ गई।” वहीं मरहा गांव के विजय कुमार का कहना है – “बड़ी मुश्किल से फसल तैयार की थी, अब घर चलाना भी मुश्किल होगा।”
किसानों ने प्रशासन से तत्काल सर्वे और राहत की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय पर मुआवजा नहीं मिला तो रबी की बुवाई के लिए बीज-पूंजी जुटाना मुश्किल हो जाएगा।
कृषि विभाग का कहना है कि नुकसान का आकलन कराया जा रहा है, रिपोर्ट के बाद राहत प्रक्रिया शुरू होगी।
