जनगणना-2027 के लिए सुपरवाईजरों एवं प्रगणकों को दिया गया प्रशिक्षण
जिलाधिकारी ने बिशप जानसन स्कूल पहुंचकर सुपरवाईजरों एवं प्रगणकों को बारीकी से प्रशिक्षण प्राप्त करने के दिए निर्देश
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) की तैयारियों के क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा बिशप जानसन स्कूल, कचेहरी में सुपरवाईजरों एवं प्रगणकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचकर दिए जा रहे प्रशिक्षण के बारे में जानकारी प्राप्त करते प्रगणकों एवं सुपरवाईजरों से वार्ता की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रगणकों एवं सुपरवाईजरों को बारीकी से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए कहा। कहा कि जनगणना से सम्बंधित यदि कोई भी बिंदु समझ में न आयें तोे प्रशिक्षकों से उसके बारे में गहनता से जानकारी प्राप्त करें, जिससे कि जनगणना के कार्य को सकुशलढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण दे रहे फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के बारे में बारीकी से जानकारी दिए जाने के लिए कहा है, जिससे कि प्रगणकों एवं सुपरवाईजरों को जनगणना करते समय कोई समस्या न हो। जिलाधिकारी ने प्रगणकों एवं सुपरवाईजरों से स्वजनगणना के लिए अधिक से अधिक लोगो को प्रेेरित किए जाने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना का कार्य दिनांक 16 नवम्बर से 30 नवम्बर, 2026 तक, जनसंख्या की गणना दिनांक 01 दिसम्बर, 2026 से 04 जनवरी, 2027 तक तथा पुनरीक्षण कार्य दिनांक 05 जनवरी से 09 जनवरी, 2027 तक सम्पन्न कराया जाना निर्धारित है। निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप जनगणना कार्य को सुचारु, सटीक एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में प्रगणकों एवं सुपरवाईजरों के प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। फील्ड ट्रेनरों के द्वारा समस्त तहसीलों, नगर निगम के सभी जोनों एवं नगर पंचायतों में आयोजित प्रशिक्षण में सुपरवाईजरों, प्रगणकों को जनगणना के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती विनीता सिंह ने कोरांव एवं मेजा तहसील में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचकर दिए जा रहे प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली एवं प्रगणकों एवं सुपरवाईजरों से वार्ता भी की। इस अवसर पर सभी सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
