किसान सेवा सहकारी समिति करमा में अनिश्चितकालीन तालाबंदी, 1500 किसान संकट में
कौंधियारा विकास खंड में किसान सेवा सहकारी समिति करमा के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन तालाबंदी हड़ताल के चलते 1500 किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है।
कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें राज्य कर्मचारी घोषित किया जाए और वेतन नियमित किया जाए
सहारा सन्देश टाइम्स
प्रयागराज । कौंधियारा क्षेत्र के करमा में दो किसान सेवा सहकारी समिति केंद्र बनाए गए हैं। दोनों केंद्रों के बीच 1500 किसानों को यूरिया खाद और डीएपी का वितरण किया जाता है। इस समय आलू, मटर, सरसों और गेहूं की फसल की बुआई का समय है। ऐसे में किसानों को डीएपी उपलब्ध न होने पर 1500 किसानों को भारी संकट का सामना करना पड़ेगा।
करमा सहकारी समिति के जिला अध्यक्ष जमुनापार जयकुमार तिवारी, महामंत्री नीरज सिंह, सचिव पुष्कर द्विवेदी ने बताया कि हमारी दो मांगें हैं – राज्य कर्मचारी घोषित किया जाए और वेतन नियमित किया जाए। दोनों मांगें पूरी न होने तक पूरे उत्तर प्रदेश के कर्मचारियों द्वारा तालाबंदी और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन इको गार्डन, लखनऊ में आज सातवें दिन भी जारी है। मांगे पूरी न होने तक आंदोलन अनवरत चलता रहेगा।
इस दौरान जिला अध्यक्ष जमुनापार जयकुमार तिवारी , महामंत्री नीरज सिंह , सचिव पुष्कर द्विवेदी , कौशलेश सिंह , हरिशंकर तिवारी , संजय पांडेय सहित कई कर्मचारी शामिल रहे।
