सोनार का तारा सिद्ध पीठ मां शीतला माता मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

सोनार का तारा सिद्ध पीठ मां शीतला माता मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र स्थित सोनार का तारा सिद्ध पीठ मां शीतला माता देवी मंदिर में रविवार को शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही माता रानी के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। मंदिर परिसर घंटियों की गूंज और माता रानी के जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालु पूजा की थाली, फूल-माला, नारियल और चुनरी लेकर माता के दरबार में पहुंचे और श्रद्धापूर्वक मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने वाली महिलाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
शारदीय नवरात्र के पहले दिन मंदिर में सुबह से ही धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गईं। श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री की आराधना कर अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। नवरात्र शुरू होते ही आसपास के मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्सव जैसा माहौल बन गया।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि शारदीय नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर में नियमित पूजा-पाठ, आरती और विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। नवरात्र के दौरान श्रद्धालु मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *