कार्तिक पूर्णिमा पर प्रयागराज से उठा नारी शक्ति का न्याय स्वर

कार्तिक पूर्णिमा पर प्रयागराज से उठा नारी शक्ति का न्याय स्वर

लेटे हनुमान मंदिर से जनआक्रोश रैली, संगम में दीपदान के साथ सद्बुद्धि एवं न्याय की प्रार्थना

पूज्य संत आशारामजी बापू के स्वास्थ्य, सम्मान एवं मानवीय अधिकारों की रक्षा के लिए महिलाओं ने बुलंद की आवाज

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज। कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर तीर्थराज प्रयागराज में पूज्य संत श्री आशारामजी बापू के समर्थन में नारी शक्ति का जनस्वर गूंजा। बंधवा स्थित श्री बड़े हनुमान जी (लेटे हनुमान मंदिर) से निकली जनआक्रोश रैली में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने उच्च स्वर में पूज्य बापूजी के स्वास्थ्य, सम्मान, न्याय एवं मानवीय अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।

*स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता*

रैली में महिलाओं ने 87 वर्षीय पूज्य बापूजी की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति पर चिंता जताई। एम्स मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के हवाले से हृदय की तीन प्रमुख धमनियों में 99%, 90% एवं 80-85% तक ब्लॉकेज, हीमोग्लोबिन लगभग 4 ग्राम प्रति डेसीलीटर, आँतों से रक्तस्राव तथा 11 गंभीर बीमारियों का उल्लेख किया गया। महिलाओं ने 24 घंटे प्रशिक्षित चिकित्सकीय देखभाल एवं समुचित उपचार की मांग की।

*पैरोल, हृदयाघात एवं एयर एम्बुलेंस यात्रा पर उठे सवाल*

महिलाओं ने लंबी कानूनी लड़ाई के बाद मात्र 20 दिनों की पैरोल मिलने तथा न्यायालय के आदेश के बावजूद रिहाई में लगभग दो महीने लगने का मुद्दा उठाया। इस दौरान पूज्य बापूजी की वृद्ध पत्नी को हृदयाघात होने पर भी उनसे मिलने के लिए अंतरिम जमानत नहीं मिल पाने पर सवाल किए गए।

पैरोल के दौरान NSTEMI (गंभीर हृदयाघात) के कारण आईसीयू में भर्ती किए जाने तथा 27 अक्टूबर 2026 को पैरोल समाप्त होने पर एयर एम्बुलेंस से इंदौर से जोधपुर ले जाए जाने की परिस्थितियों पर भी चिंता जताई गई। रैली में कहा गया कि जोधपुर में रात्रि लैंडिंग प्रतिबंध एवं मौसम के कारण संभावित देरी की सूचना सक्षम अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज किए जाने का विषय गंभीर सवाल खड़े करता है।

*जनआक्रोश रैली में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने उच्च स्वर में राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री से निम्नलिखित मांगें कीं—*

1. सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप पूज्य बापूजी को 24 घंटे प्रशिक्षित परिचारक एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
2. उनकी पसंद के अस्पताल में समुचित उपचार तथा स्वतंत्र चिकित्सकीय समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
3. विचाराधीन मामलों में पूर्वाग्रहपूर्ण मीडिया ट्रायल पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
4. अहमदाबाद स्थित मोटेरा आश्रम को उजाड़ने की कार्रवाई पर पूर्ण विराम लगाया जाए।
5. पूज्य बापूजी के स्वास्थ्य, सम्मान एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित कराई जाएं। संगम में दीपदान, न्याय एवं सद्बुद्धि की प्रार्थना
रैली के पश्चात संगम तट पर महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने दीपदान कर पूज्य बापूजी के स्वास्थ्य एवं न्याय की प्रार्थना की। उन्होंने अन्याय एवं दुर्भावना करने वालों को सद्बुद्धि मिलने तथा सभी के हृदय में सद्भाव एवं मानवता जागृत होने की कामना की।

महिलाओं ने संकल्प व्यक्त किया कि पूज्य बापूजी के स्वास्थ्य, सम्मान एवं न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के लिए उनकी शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आवाज निरंतर बुलंद होती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *