प्रयाग विधि महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया संविधान दिवस, भाषण प्रतियोगिता में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । प्रयाग विधि महाविद्यालय में बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के MY Bharat के सौजन्य से किया गया। इस अवसर पर MY Bharat की डिप्टी डायरेक्टर जागृति पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संविधान के मूल आदर्शों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वक्ताओं ने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए इसके महत्व, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘शिक्षा का अधिकार’ विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता रही, जिसमें महाविद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शिक्षा के महत्व, समान अवसरों और सामाजिक विकास में शिक्षा की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में मानसी ने प्रथम, हर्षपति ने द्वितीय तथा अभिषेक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि जागृति पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करने के साथ ही राष्ट्र और समाज के प्रति उसके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों को अपने आचरण और जीवनशैली में अपनाने तथा एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थाध्यक्ष डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, MY Bharat की डिप्टी डायरेक्टर जागृति पांडेय, एच.आर. ओम शर्मा एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नागेंद्र शर्मा सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने संविधान की गरिमा एवं मूल भावना को बनाए रखने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
