एमएल पब्लिक स्कूल में पांच दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा। एमएल पब्लिक स्कूल, बगहा, सिरसा में पांच दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया जा रहा है। बुधवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ समाजसेवी विपिन कुमार पांडेय (दादा) ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विपिन कुमार पांडेय ने कहा कि जीवन में खेलों का विशेष महत्व है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। प्रत्येक विद्यार्थी को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। खेल विद्यार्थियों को जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित वॉलीबॉल मुकाबले में कक्षा 11 के रेड हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। टीम का नेतृत्व कप्तान हरिमोहन मिश्रा ने किया, जबकि कक्षा 12 का ग्रीन हाउस उपविजेता रहा। ग्रीन हाउस की टीम का नेतृत्व उपकप्तान अनुराग पांडेय ने किया।
वहीं, म्यूजिकल चेयर रेस में कक्षा चार के दिव्यांश तिवारी ने प्रथम और शुभ यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कॉक रेस में एलकेजी के अव्यक्त प्रथम तथा कक्षा दो के शौर्य द्वितीय स्थान पर रहे। बाल पासिंग गेम प्रतियोगिता में कक्षा दो के बालकों की टीम ने प्रथम और कक्षा एक की बालिकाओं की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विद्यार्थियों को हार-जीत की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए। उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन शुक्ला ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय खेल प्रतियोगिता के तहत विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसका समापन शनिवार को अंतिम खेल प्रतियोगिता के साथ होगा।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में स्पोर्ट्स टीचर गौरव पांडेय एवं अनुज यादव का विशेष योगदान रहा। दोनों शिक्षकों ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मनोज विश्वकर्मा, विपुल यादव, आकाश गुप्ता, कमलेश शर्मा, मीनाक्षी यादव, पूजा त्रिपाठी, नेहा गुप्ता, रीना यादव, इति सिंह, अविनाश, दिव्यांशु गुप्ता, अश्विनी यादव, मोहनीश मिश्रा, प्रभांशु दुबे, विजय जैसल, नवदीप यादव, रिशु शर्मा, अमित पटेल, लवलेश यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
