सिरौठी दोहथा गांव में सड़क की समस्या, ग्रामीणों ने विधायक और प्रशासन से लगाई गुहार
आदर्श सहारा टाइम्स
मांडा, प्रयागराज। मांडा क्षेत्र के सिरौठी दोहथा गांव में अब तक उचित सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सुगम आवागमन के लिए सड़क की सुविधा बेहद जरूरी है, लेकिन लंबे समय से समस्या बनी हुई है।
गांव निवासी सतीश कुमार मौर्य पुत्र रमेश कुमार मौर्य का कहना है कि गांव में आने-जाने के लिए अभी तक उचित सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए बाहर आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है तथा रास्ते की स्थिति खराब होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने का सबसे अधिक असर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और मरीजों पर पड़ता है। आपात स्थिति में भी गांव तक वाहन पहुंचने में परेशानी होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक राजमणि कोल एवं प्रशासन से मांग की है कि गांव की स्थिति का मौके पर निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द उचित सड़क का निर्माण कराया जाए। लोगों का कहना है कि सड़क बनने से गांव के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और गांव के विकास को भी गति मिलेगी।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
