बारिश में पन्नी के सहारे चल रही 40 गावों की बिजली आपूर्ति नेवढ़िया बिजली उपकेंद्र का जर्जर भवन भगवान भरोसे

बारिश में पन्नी के सहारे चल रही 40 गावों की बिजली आपूर्ति नेवढ़िया बिजली उपकेंद्र का जर्जर भवन भगवान भरोसे

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा (प्रयागराज)। तहसील क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था की बदहाली का एक और मामला सामने आया है। नेवढ़िया स्थित 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र की मशीनों और उपकरणों को बारिश से बचाने के लिए पन्नी का सहारा लिया जा रहा है। उपकेंद्र की यह स्थिति विभागीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है।

नेवढ़िया उपकेंद्र से नेवढ़िया, चपरतला, बरहा, अखरी शाहपुर समेत करीब 40 गांवों में बिजली की आपूर्ति होती है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश शुरू होते ही कई गांवों की बिजली काट दी जाती है। घंटों आपूर्ति बाधित रहने से उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों के साथ किसान और छोटे कारोबारी भी परेशान होते हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक उपकेंद्र में मशीनें और विद्युत उपकरण पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में हैं। बारिश के दौरान उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए पन्नी का सहारा लेना पड़ रहा है। ऐसे में उपकरणों की सुरक्षा के साथ करीब 40 गांवों को निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

मेजारोड उपकेंद्र में भी जलभराव का खतरा

बारिश के मौसम में मेजारोड विद्युत उपकेंद्र भी जलजमाव की समस्या से जूझता है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश होने पर उपकेंद्र के आसपास पानी भरने की आशंका बनी रहती है। जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से हर साल कर्मचारियों और उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ती है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से नेवढ़िया उपकेंद्र की स्थिति में स्थायी सुधार कराने, मशीनों और उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बारिश के दौरान अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *