उरुवा में 28 नवंबर को होगा जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का ब्लॉक स्तरीय अधिवेशन एवं निर्वाचन
11 बजे से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, 2 बजे से शिक्षक संगोष्ठी और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह
आदर्श सहारा टाइम्स
उरुवा, प्रयागराज। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, प्रयागराज के तत्वावधान में विकास खण्ड उरुवा का शिक्षक संगोष्ठी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिवेशन/निर्वाचन 28 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी संपन्न होगा। कार्यक्रम क्षेत्र के गुलाब पत्ती इंटरमीडिएट कॉलेज, अकोढ़ा (सोनार का तारा) में आयोजित होगा।
इसकी जानकारी संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एवं उरुवा इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि अधिवेशन के तहत नामांकन की प्रक्रिया पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगी, जबकि अपराह्न 2 बजे से शाम 5 बजे तक शिक्षक संगोष्ठी एवं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विकास खण्ड उरुवा के उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं संविलियन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक तथा एआरपी, जिन्होंने संघ की तीन वर्ष (2024-25, 2025-26 एवं 2026-27) की सदस्यता ग्रहण कर ली है, वे निर्वाचन में नामांकन के लिए पात्र होंगे।
ब्लॉक इकाई के कुल 11 पदों पर निर्वाचन कराया जाएगा। इनमें अध्यक्ष, महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष के एक-एक पद शामिल हैं। उपाध्यक्ष के तीन पदों में एक महिला एवं एक अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रहेगा। इसी प्रकार तीन संयुक्त मंत्री पदों में एक पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होगा। इसके अलावा लेखाकार एवं आय-व्यय निरीक्षक के एक-एक पद पर भी निर्वाचन होगा।
अधिवेशन एवं निर्वाचन को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद स्तर से तीन पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। इनमें श्रीमती अनामिका पाण्डेय, श्रीमती प्रमिला शर्मा एवं मनोज कुमार पाठक शामिल हैं।
विनोद कुमार मिश्र ने विकास खण्ड उरुवा के सभी पात्र शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं एआरपी से शनिवार, 28 नवंबर को अधिकाधिक संख्या में अधिवेशन में प्रतिभाग करने की अपील की है।
