नाले की खुदाई में लापरवाही, ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट,मनु का पूरा गांव के सामने पीडब्ल्यूडी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन

नाले की खुदाई में लापरवाही, ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट,मनु का पूरा गांव के सामने पीडब्ल्यूडी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। प्रयागराज-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मनु का पूरा गांव के सामने पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों द्वारा नाले की खुदाई किए जाने के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाले की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन लोगों के आवागमन के लिए समुचित व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे से गांव की ओर जाने वाली लिंक रोड को काटकर नाला बनाया जा रहा है तो वहां सीमेंटेड पुलिया का निर्माण कर रास्ते को आवागमन योग्य बनाया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी न हो। आरोप है कि कई स्थानों पर लोगों के घरों के सामने ही गहरी खुदाई कर दी गई और रास्ते की वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना कर्मचारी वहां से चले गए। नाले की खुदाई के कारण सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ रही है। स्थानीय महिला का कहना है कि घर के सामने इतना बड़ा नाला खोद दिया गया है, ऐसे में वह और परिवार के अन्य सदस्य रास्ता कैसे पार करें। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि कोई व्यक्ति नाला पार करते समय गिरकर घायल हो जाता है अथवा कोई अन्य आकस्मिक घटना घट जाती है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि नाले की खुदाई वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षित अस्थायी रास्ते अथवा सीमेंटेड पुलिया की व्यवस्था कराई जाए, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे। ग्रामीणों ने कहा कि विकास कार्य जरूरी है, लेकिन कार्य के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और आवागमन की सुविधा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *