मेजा में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया 

मेजा में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मिशन शक्ति फेस-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार को थाना मेजा की साइबर टीम, मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा एसआरआरवी पब्लिक स्कूल, नेवढ़िया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम एसीपी बृजेश पाठक के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक कमलेश कुमार गिरि, महिला उपनिरीक्षक शिम्पी सिंह यादव, महिला उपनिरीक्षक रीतू तिवारी, महिला कांस्टेबल संध्या राय, महिला कांस्टेबल नीरू मौर्या सहित पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुरक्षा संबंधी सेवाओं की जानकारी देते हुए हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। वूमेन पावर लाइन 1090, घरेलू हिंसा हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया। इस दौरान साइबर अपराध से बचाव, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अपनी निजी एवं बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने तथा ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस को सूचना दें। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के साथ-साथ महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *