प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का सशक्त माध्यम, केशव प्रसाद मौर्य
सामाजिक समरसता से मजबूत होगा समाज, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है
बरेली में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामाजिक समरसता सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए
आदर्श सहारा टाइम्स
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज बरेली के मनोहर भूषण इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामाजिक समरसता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायी प्रयास है। जब समाज अपने प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करता है तो इससे उनमें आगे बढ़ने का उत्साह, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार होता है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि सम्मानित होने वाले सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। उनके आगे बढ़ने में हम सभी का कोई योगदान होगा तो यह हमारे लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय होगा।
श्री मौर्य ने कहा कि सामाजिक समरसता हमारा संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ देश आगे बढ़ रहा है। इसी भावना के अनुरूप उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण, सम्मान और उत्थान के लिए कार्य कर रही है। गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। अपराधियों और माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से प्रदेश में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना है। सुशासन, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता देते हुए सरकार जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। गरीबों को आवास, शौचालय, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही नौजवानों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। आधी आबादी के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। भारत आज विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल है और सामरिक शक्ति के रूप में भी निरंतर मजबूत हो रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने आतंकवाद के विरुद्ध अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और सामर्थ्य का परिचय दिया है। आज भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच भारत ने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अनेक देशों के साथ अपने संबंधों का विस्तार किया है। तेल एवं गैस के नए स्रोतों की खोज, स्वदेशी अनुसंधान तथा परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में वैज्ञानिक प्रगति देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। भारत के पास थोरियम जैसे प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुर उपलब्धता है। वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी विकास के माध्यम से इन संसाधनों का उपयोग भविष्य में देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
श्री मौर्य ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा सम्मान और सामाजिक समरसता से जुड़े आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के साथ ही नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का अवसर और प्रोत्साहन प्रदान करते हैं। समाज की एकता, आपसी सद्भाव और सभी वर्गों की सहभागिता से ही विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प साकार होगा।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिला प्रभारी दिनेश शर्मा, सोमपाल शर्मा, अधीर सक्सेना, तिलहर विधायक श्रीमती सलोना कुशवाहा, महिला आयोग की सदस्य श्रीमती पुष्पा पांडेय, अंकित माहेश्वरी, अंकित शुक्ला, वीरपाल सिंह गंगवार, राममूर्ति लाल मौर्य, मौर्य विकास संस्था के पूर्व अध्यक्ष शिशुपाल मौर्य, नगर पंचायत शेरगढ़ के अध्यक्ष बुद्धसेन मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
