दो दिवसीय तहसील स्तरीय स्काउट-गाइड रैली सम्पन्न, सरदार पटेल इंटर कॉलेज ने मारी बाजी
गोपाल विद्यालय इंटर कॉलेज कोरांव द्वितीय और चौधरी शिव जोखन सिंह इंटर कालेज जवाइन तृतीय स्थान पर रहा
आदर्श सहारा टाइम्स
कोरांव ,प्रयागराज। सरदार पटेल इंटर कॉलेज सिकरो, कोरांव में आयोजित दो दिवसीय तहसील स्तरीय स्काउट एवं गाइड रैली का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में सरदार पटेल इंटर कॉलेज सिकरो, गोपाल विद्यालय इंटर कॉलेज कोरांव, चौधरी शिव जोखन सिंह इंटर कॉलेज जवाइन एवं आद्या प्रसाद इंटर कॉलेज धूस सहित विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड दलों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
रैली का शुभारंभ स्काउट ध्वज के ध्वजारोहण एवं स्काउट प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद मार्च पास्ट, सलामी, कलर पार्टी, कैंप फायर, शारीरिक प्रदर्शन, साहसिक गतिविधियां, टेंट निर्माण, गेट एवं टावर निर्माण तथा बिना बर्तनों के भोजन बनाने जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में जूनियर एवं सीनियर दोनों वर्गों के स्काउट और गाइड दलों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणाम में जूनियर एवं सीनियर दोनों वर्गों के स्काउट दल एवं गाइड दल में सरदार पटेल इंटर कॉलेज सिकरो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोपाल विद्यालय इंटर कॉलेज कोरांव द्वितीय तथा चौधरी शिव जोखन सिंह इंटर कॉलेज जवाइन तृतीय स्थान पर रहा। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं प्रधानाचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्काउट एवं गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों को नई-नई गतिविधियां सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यापक यदुवीर सिंह, रवि प्रकाश, गिरेन्द्र कुमार सिंह, अशोक पांडेय एवं सुशील तिवारी का विशेष योगदान एवं मार्गदर्शन रहा।
