मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता में सरदार पटेल इंटर कॉलेज सिकरो का जलवा

मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता में सरदार पटेल इंटर कॉलेज सिकरो का जलवा

निबंध और क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लहराया परचम, प्रधानाचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने दी बधाई

आदर्श सहारा टाइम्स

कोरांव, प्रयागराज। गोपाल विद्यालय इंटर कॉलेज कोरांव में शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को आयोजित मतदाता जागरूकता विषयक निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता में सरदार पटेल इंटर कॉलेज सिकरो, कोरांव के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी वर्गों में अपना दबदबा कायम किया। प्रतियोगिता के निबंध और क्विज दोनों वर्गों में विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। सीनियर वर्ग की निबंध प्रतियोगिता में सरदार पटेल इंटर कॉलेज की छात्रा साक्षी ओझा ने प्रथम तथा स्नेहा तिवारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं सीनियर वर्ग की क्विज प्रतियोगिता में गरिमा तिवारी प्रथम और आनंद कुमार तिवारी द्वितीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार जूनियर वर्ग की निबंध प्रतियोगिता में ओम तिवारी ने प्रथम तथा अमरजीत प्रजापति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जबकि जूनियर वर्ग की क्विज प्रतियोगिता में नैन्सी शुक्ला ने प्रथम और आस्था ओझा ने द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता से अभिभूत विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि निरंतर कठिन परिश्रम, अभ्यास और लगन के बल पर विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की है। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों के मार्गदर्शक नंद किशोर के सद्प्रयासों की सराहना की तथा अभयराज सिंह के कुशल संयोजन की भी प्रशंसा की। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *