प्रयागराज में 17 और 18 नवंबर को लगेगा दो दिवसीय वृहद रोजगार महोत्सव, 40 हजार से अधिक पदों पर होगी भर्ती

प्रयागराज में 17 और 18 नवंबर को लगेगा दो दिवसीय वृहद रोजगार महोत्सव, 40 हजार से अधिक पदों पर होगी भर्ती

100 प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन, 13,500 से 45,000 रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज एवं शंभू नाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, झलवा के संयुक्त तत्वावधान में 17 एवं 18 नवंबर 2026 को दो दिवसीय वृहद रोजगार महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला शंभू नाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, झलवा, प्रयागराज परिसर में विधानसभा शहर पश्चिम क्षेत्र में आयोजित होगा। दोनों दिन सुबह 10 बजे से रोजगार मेले की शुरुआत होगी।

इस रोजगार महोत्सव में निजी क्षेत्र की लगभग 100 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनके माध्यम से 40 हजार से अधिक रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का सीधे चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 13,500 रुपये से 45,000 रुपये तक मासिक वेतन तथा तीन लाख से छह लाख रुपये तक का वार्षिक पैकेज दिए जाने का प्रस्ताव है।

दो दिन अलग-अलग शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

आयोजन के अनुसार, 17 नवंबर को जूनियर हाईस्कूल, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए, बीसीए, बीई एवं परास्नातक उत्तीर्ण बेरोजगार अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे।

वहीं, 18 नवंबर को आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बीटेक एवं एमबीए आदि उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। इस दिन प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है।

रोजगार संगम पोर्टल पर कराना होगा पंजीयन

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर अपना पंजीयन कराना होगा। इसके साथ ही उन्हें अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों, अंकपत्रों एवं जाति प्रमाण पत्र की छायाप्रति लेकर आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। विभिन्न कंपनियों की रिक्तियों एवं पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर उपलब्ध है।

आयोजन में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। यह जानकारी क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज के सहायक निदेशक (संयोजन) राजीव कुमार यादव ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *