जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न
कार्य में लापरवाही बरतने वाले कई प्रभारी चिकित्सा अधीक्षकों से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को संगम सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने एब्डॉमिनल एग्जामिनेशन न करने वाले प्रभारी चिकित्सा अधीक्षकों से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। उन्होंने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए संकोची परिवारों के टीकाकरण से छूटे बच्चों को टीकाकरण हेतु जुटाये जाने एवं परिवारों को मोटिवेट करने में लापरवाही बरतने वाले बीआरटी तथा सुपरवाइजरों का वेतन रोके जाने तथा ऐसे सभी बच्चों का एक सप्ताह के अंदर टीकाकरण कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने यू-विन आर0आई0 रिपोर्ट में लापरवाही बरतने पर सोरांव तथा कौंधियारा के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षकों का स्पष्टीकरण लिए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने टीबी ऑइडेंटीफिकेशन के कार्य में लापरवाही बरतने पर मऊआईमा के एमओआईसी का स्पष्टीकरण लिए जाने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने कहा कि टीकाकरण अतिमहत्वपूर्ण कार्यक्रम है और कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे तथा यदि फेक वैक्सीनेशन का कोई भी प्रकरण प्रकाश में आयेगा, तो सम्बंधित के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने आभा आईडी बनाये जाने के कार्य में प्रगति लाए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने खण्ड शिक्षा अधिकारी व प्रभारी चिकित्सा अधीक्षकों को समन्वय बनाकर सभी विद्यालयों में टीकाकरण कराने के लिए कहा है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से अभियान चलाकर ग्रीष्म अवकाश के पूर्व 10 वर्ष तक के बच्चों को एमआर का टीका अवश्य लगा हो, यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की वीएचएनडी सेशन में सभी आवश्यक उपकरणों के साथ उपस्थिति सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने वीएचएनडी सेशन की इंटेसिवली मानीटरिंग के लिए नोडल अधिकारियों को भी लगाये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों को वीएचएनडी सेशन में उपस्थित रहकर सेशन की मानीटरिंग करने के लिए कहा है। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को एब्डॉमिनल एग्जामिनेशन हेतु आवश्यक टेबल को सभी केन्द्रों पर उपलब्ध कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने न्यू बार्न बच्चों को डिलीवरी प्वाइंट पर जीरो डोज लगाया जाना सुनिश्चित करने तथा उसके बाद के टीको की मानीटरिंग करते रहने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहने पाये। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर साफ-सफाई की अच्छी व्यवस्था नहीं होने पर कडी नाराजगी व्यक्त की और मुख्य विकास अधिकारी से सम्बंधित खण्ड विकास अधिकारियों के माध्यम से साफ-सफाई की व्यवस्था कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने प्री-मेच्योर डिलीवरी के प्रकरणों में लंग्स के विकास में प्रभावी दवा कार्टिकोस्टेरायॅड के यथा आवश्यक प्रयोग हेतु निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने बाल मृत्युदर की रिपोर्टिग तथा प्रत्येक बाल मृत्यु की डेथ ऑडिट अवश्य हो, के निर्देश दिए है। उन्होंने स्वरूपरानी मेडिकल कालेज में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिए है।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत- जन आरोग्य योजना में जनपद की रैंकिंग प्रदेश में निम्न स्थान में रहने के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी व्यक्त किया तथा आयुष्मान भारत योजना में कार्यरत समस्त कर्मचारियों को अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा कार्ड बनाये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कार्ड बनाये जाने में जनपद प्रयागराज पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहना चाहिए। बैठक में जिलाधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देशित किया कि वे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जनपद में संचालित समस्त कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पूरी तन्मयता सें कार्य करें। जननी सुरक्षा की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निम्नतम प्रगति वाले ब्लॉकों के चिकित्सा अधीक्षक को आशावार गर्भावती महिलाओं का पंजीकरण करते हुए उनका प्रसव सरकारी चिकित्सालयो में कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने परिवार नियोजन कार्यक्रम में महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार की गतिबिधियों के माध्यम सें उनको मोटिवेट किए जाने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, सीएमओ डॉ एके तिवारी, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, यूनिसेफ के अधिकारी, डीपीएम, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
