जिलाधिकारी मनीष  कुमार वर्मा ने तहसील सदर पहुंचकर तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया

जिलाधिकारी मनीष  कुमार वर्मा ने तहसील सदर पहुंचकर तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया

सभी पुराने लम्बित प्रकरणों को नियमित सुनवाई करते हुए प्राथमिकता पर निस्तारित करने के दिए निर्देश

फाइल का रख-रखाव ठीक ढंग से व अद्यतन नहीं पाये जाने पर पेशकार मकसूद अहमद को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के दिए निर्देश

कार्यालय में नियमित साफ-सफाई, निष्प्रयोज्य सामानों को हटवाये जाने के दिए निर्देश

जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से निस्तारित करने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज । जिलाधिकारी  मनीष कुमार वर्मा ने गुरूवार को तहसील सदर परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिये हैं। उन्होंने तहसील परिसर में स्थित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार के कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों एवं पटल का भ्रमण कर प्रशासनिक कार्यों, अभिलेखों का रख-रखाव, पत्राचार, पुराने प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था और कार्मिकों की कार्यप्रणाली की जांच करते हुए आवश्यक निर्देश दिये हैं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से उनसे सम्बंधित कार्यों के बारे में जानकारी ली और सभी सम्बंधित अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने तहसील परिसर एवं सभी कक्षों में साफ-सफाई की अच्छी व्यवस्था और पत्रावलियों के रखरखाव को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयी अनुशासन और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनता दर्शन की सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से यथोचित निर्णय लेते हुए प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए है।

उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर से सभी पुराने लम्बित प्रकरणों को नियमित सुनवाई करते हुए प्राथमिकता पर निस्तारित करने के लिए कहा है। उन्होंने उप जिलाधिकारी कोर्ट में सबसे पुराने समय से लम्बित फाइलों की जानकारी लेते हुए 15 वर्ष से लम्बित धारा-233 से सम्बंधित सबसे पुरानी फाइल कोे निकलवाकर देखा तथा उपजिलाधिकारी सदर को डीडीसी का पक्ष लेेते हुए निस्तारित किए जाने के लिए कहा। उन्होंने फाइल में आर्डर सीट क्रम से नहीं लगाये जाने तथा अद्यतन नहीं पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पेशकार मकसूद अहमद प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने धारा-116, 229बी एवं अन्य धाराओं से सम्बंधित सबसे पुराने प्रकरणों की तीन-तीन फाइलों का अवलोकन किया तथा उन्हें शीघ्रता से निस्तारित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि धारा-24 कोई फाइल छः माह से अधिक लम्बित न रहे। उन्होंने पांच वर्ष व 3 वर्ष से अधिक पुराने समय से लम्बित फाइलों की छंटनी कराये जाने तथा ऐसे पुराने समय से लम्बित प्रकरणों में नियमित सुनवाई करते हुए इन्हें प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने उपजिलाधिकारी कोर्ट में फाइलों का उचित रख-रखाव व साफ-सफाई कराये जाने के लिए कहा है।

जिलाधिकारी ने तहसीलदार से सम्बंधित कोर्ट का निरीक्षण किया तथा पत्रावलियों का रख-रखाव एवं उनके निस्तारण की स्थिति को देखा। उन्होंने तहसीलदार कोर्ट में सबसे पुरानी लम्बित धारा-35 म्यूटेशन से सम्बंधित फाइल को निकलवाकर देखा तथा सम्बंधित प्रकरण को जल्द से जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने पांच साल व तीन साल से अधिक सभी पुराने लम्बित प्रकरणों को एक साथ सूचीबद्ध करते हुए नियमित सुनवाई पर लगाकर ऐसे प्रकरणों को प्राथमिकता पर निस्तारित करने के लिए कहा है। उन्होंने अंश निर्धारण, वरासत, धारा-32/38, धारा-24 आदि से सम्बंधित अविवादित प्रकरणों में सम्बंधित पक्षों की सुनवाई करते हुए तत्काल निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया है।

तत्पश्चात जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित नजारत अनुभाग का निरीक्षण किया तथा साफ-सफाई की अच्छी स्थिति न होने, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण-पत्र से सम्बंधित फाइलों का उचित रख-रखाव न होने तथा कार्यालय में ही निष्प्रयोज्य हो चुके सामानों के रखे पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यालय की साफ-सफाई कराये जाने, निष्प्रयोज्य सामानों को हटवाये जाने तथा बिडिंग योग्य फाइलो को विडआउट किए जाने के लिए कहा है।

तत्पश्चात जिलाधिकारी ने अभिलेखागार, संग्रह अनुभाग सहित अन्य कक्षों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। उन्होंने अभिलेखागार के क्रमांक 135 पर बेली उपरहार का बक्सा निकलवाकर देखते हुए फाइलों को बस्ता सूची के अनुसार व्यवस्थित ढंग से टेपिंग/बाइडिंग कराकर उन्हें सुरक्षित ढंग से रखे जाने के लिए निर्देश दिए है। उन्होंने सभी खतौनियों को ऑनलाइन फीड भी कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि जिन खतौनियों में सरकारी कार्यालय, सरकारी आवास या अन्य कोई सरकारी भवन स्थित है, उन्हें सम्बंधित खतौनियों में दर्ज कर लिया जाये। उन्होंने संग्रह अनुभाग का निरीक्षण किया तथा तहसील के सबसे बड़े बकायेदारों की जानकारी ली और उन्होंने वसूली योग्य टॉप टेन बड़े बकायेदारों की सम्पत्ति का मूल्यांकन के पश्चात उसकी नीलामी की कार्यवाही करने के लिए कहा है। उन्होंने प्रत्येक सप्ताह वसूली सूची की साप्ताहिक दाखिला को अद्यतन रखने के निर्देश दिए है।

जिलाधिकारी ने राजकीय आस्थान से सम्बंधित कार्यालय का निरीक्षण करते हुए सार्वजनिक उपयोग एवं पट्टेदारों की भूमि से सम्बंधित रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने अपर जिलाधिकारी नजूल को सरकारी भूमियों की नक्शे पर मैपिंग कराये जाने तथा सम्बंधित भूमि पर क्या है, उनका भौतिक सत्यापन करवाये जाने के लिए कहा है। उन्होंने अवैध कब्जे से सम्बंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों का अलग से रजिस्टर बनाये जाने के लिए कहा है।

उन्होंने सभी पटल सहायकों को समय से उपस्थित होने तथा उनसे सम्बंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयसीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में भवनों के जर्जर हिस्सों के मरम्मतीकरण हेतु व्यय का आगणन कराकर प्रस्ताव भेजे जाने के लिए कहा है। उन्होंने तहसील परिसर में पेयजल व साफ-सफाई की अच्छी व्यवस्था कराये जाने के लिए कहा है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर  सत्यम मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर  अभिषेक सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *